Wednesday, April 4, 2012

भाजपा के बागियों ने बदला हवा का रुख

पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी
पूर्व मंत्री मुखी के दामाद कांग्रेस में शामिल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के करीबी रिश्तेदार भी छोड़ सकते हैं पार्टी
5० से ज्यादा बागी उम्मीदवार प्रचार में आगे
रासविहारी
नई दिल्ली। नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ बहती हवा का रुख भारतीय जनता पार्टी के बागी उम्मीदवारों ने बदलना शुरू कर दिया है। तीन निगमों में भाजपा के सौ से ज्यादा बागी उम्मीदवारों ने ताल ठोक रखी है। 5० से ज्यादा बागी उम्मीदवारों ने प्रचार में अपनी बढ़त कायम कर ली है। 28 बागी उम्मीदवारों ने तो अपना नया मोर्चा बनाकर चुनाव की रणनीति तैयार कर ली है। इसके साथ बड़े नेताओं की मनमानी के खिलाफ पार्टी छोड़ने का सिलसिला और तेज हो गया है। पूर्व मंत्री जगदीश मुखी के दामाद सुरेश कुमार भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता के करीबी रिश्तेदार समेत कुछ और नजदीकी नेता पार्टी छोड़ने के संकेत दे रहे हैं।
भाजपा के आला नेता सर्वे के भरोसे जीत की उम्मीद पाले बैठे हैं। इस कारण बागियों को मनाने की कोशिश भी नहीं हो रही है। प्रदेश भाजपा प्रभारी वेंकैया नायडू ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम गर्ग को उत्तरी दिल्ली नगर निगम, पूर्व मंत्री जगदीश मुखी को दक्षिण दिल्ली नगर निगम और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन को पूर्वी दिल्ली निगम का चुनाव प्रभारी बनाया है। श्री गर्ग और श्री मुखी को पहले तो प्रदेश की चुनाव समिति में ही नहीं रखा था। अपनी उपेक्षा से दुखी दोनों नेताओं की कोई बागी सुनने को तैयार ही नहीं है। मुखी के तो परिवार में ही बगावत हो गई है। जनकपुरी पश्चिम से उनके दामाद सुरेश कुमार ने पहले आजाद उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल किया था। बाद में उन्होंने नामांकन वापस ले लिया और अब कांग्रेस मेें शामिल हो गए। पूर्वी दिल्ली निगम में तो डॉ. हर्षवर्धन के खिलाफ हर जगह भारी बगावत है। उनके विधानसभा क्षेत्र कृष्णा नगर के चारों वार्डों में बागी उम्मीदवारों ने भाजपा उम्मीदवारों की हालत खराब कर दी है। जिन-जिन लोगों को उन्होंने उम्मीदवार बनवाया था, उन्हें कार्यकर्ताओं ने नकार दिया है। ज्यादातर वार्डों में उम्मीदवारों को कार्यकताã ही नहीं मिल रहे हैं।
भाजपा छोड़कर सात पार्षद बागी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में बने हुए हैं। न्यू अशोक नगर से प्रभा सिंह, रोहिणी से हरीश अवस्थी, रानी बाग से सुदेश भसीन, सागरपुर से प्रवीण राजपूत, लाजपत नगर से बीना अब्रोल, खजूरी खास से रामवीर और मोहन गार्डन से राजेश यादव ने भाजपा के उम्मीदवारों की हालत पतली कर रखी है। इसके अलावा कई पार्षदों की पत्नी में मैदान में हैं। उन्होंने भी प्रचार में अच्छी बढ़त बनाई है। निगम की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डॉ. वी के मोंगा का टिकट काटने को लेकर भी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उनका टिकट डॉ. हर्षवर्धन के कहने पर काटा गया था। बताया जा रहा है कि मोंगा को टिकट देने पर डॉ. हर्षवर्धन ने इस्तीफा देने की धमकी दी थी। मोंगा का टिकट कटने से पंजाबी बिरादरी के वोटर नाराज बताए जा रहे हैं।
नेशनल दुनिया

No comments:

Post a Comment